राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके में हुए 17 लाख रुपये के सनसनीखेज डकैती कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे पांच और शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपी पुराने हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी हैं। इस कार्रवाई के साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिन पांच फरार आरोपियों को पकड़ा गया है, उनके नाम समीर सोनी उर्फ बुच्ची, रामा मरकाम, गोकुल यादव, संदीप नागरिया और कृष्णा देवार हैं। पुलिस ने इनके पास से डकैती की गई संपत्ति, वारदात में इस्तेमाल किए गए चारपहिया और दोपहिया वाहन समेत अन्य सामग्री भी जब्त कर ली है।
संयुक्त टीम ने की ताबड़तोड़ दबिश
वरिष्ठ अधिकारियों के सख्त निर्देशों के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पहले पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के आधार पर पुलिस ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी, जिसके बाद इन पांचों आरोपियों को धर दबोचा गया। पुलिस इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।