BREAKING

Balco Medical Centre Samarth Meet: बालको मेडिकल सेंटर में 'समर्थ' कैंसर सर्वाइवर मीट का आयोजन, 100 से अधिक बचे हुए मरीजों ने साझा किए अनुभव

Share:

रायपुर के बालको मेडिकल सेंटर में 'ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस मंथ' के विशेष अवसर पर शनिवार को ‘समर्थ’ कैंसर सर्वाइवर मीट का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से आए 100 से अधिक कैंसर सर्वाइवर्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने जीवन संघर्ष व विजय की कहानियाँ साझा कीं।

पुस्तक का विमोचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. अदिति चौधरी ने कैंसर सर्वाइवर्स के अदम्य जज़्बे और संघर्ष की सराहना करते हुए सभी को जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान एक प्रेरणादायक पुस्तक “दर्द की दहलीज़ उम्मीदों का आँगन” का विमोचन भी किया गया, जो एक कैंसर सर्वाइवर की संघर्षयात्रा पर आधारित है। इस आयोजन में बिलासपुर के स्पंदन ग्रुप का विशेष सहयोग रहा, जहां सर्वाइवर्स ने कई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को भावविभोर कर दिया।

मानसिक और भावनात्मक संबल है बेहद जरूरी: डॉ. भावना सिरोही

बालको मेडिकल सेंटर की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "कैंसर के उपचार में आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ मरीजों का मानसिक और भावनात्मक संबल भी बेहद महत्वपूर्ण होता है।" उन्होंने कहा कि 'समर्थ' जैसे मंच मरीजों का मनोबल ऊंचा रखते हैं और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करते हैं। बालको मेडिकल सेंटर कैंसर के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और मरीजों को हरसंभव सहयोग देने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

Share: