रायपुर। भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। इस प्रस्ताव को लेकर रक्षा मंत्रालय से सकारात्मक संकेत मिलने के बाद प्रदेश में नई उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यदि बस्तर रेजिमेंट का गठन होता है तो क्षेत्र के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती के अधिक अवसर मिलेंगे और देश सेवा के साथ रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने 26 जून 2026 को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन का अनुरोध किया था। इसके जवाब में रक्षा मंत्री ने 9 जुलाई 2026 को भेजे पत्र में बताया कि इस प्रस्ताव पर मंत्रालय स्तर पर विचार की प्रक्रिया जारी है। इससे राज्य सरकार को सकारात्मक उम्मीदें मिली हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर के युवाओं में देशभक्ति, साहस और अनुशासन की भावना हमेशा से रही है। बस्तर रेजिमेंट बनने से स्थानीय युवाओं को सेना में शामिल होने का बेहतर अवसर मिलेगा, साथ ही क्षेत्र के विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा में भी उनकी भागीदारी मजबूत होगी।
राज्य सरकार का मानना है कि बस्तर के युवाओं की शारीरिक क्षमता, कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता और देश सेवा के जज्बे को देखते हुए अलग रेजिमेंट का गठन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है। फिलहाल रक्षा मंत्रालय द्वारा प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है और अंतिम निर्णय केंद्र सरकार स्तर पर लिया जाएगा।