BREAKING

CM Vishnu Deo Sai Meets PM Modi: दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम विष्णु देव साय; 'बस्तर विजन' और छत्तीसगढ़ के विकास का रखा रोडमैप

Share:

नई दिल्ली/रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के समग्र विकास, बदलते 'बस्तर विजन' और प्रदेश की कई महत्वपूर्ण औद्योगिक तथा अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं पर प्रधानमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की और केंद्र से सहयोग का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं—

राजनांदगांव यूरिया संयंत्र: राजनांदगांव में प्रस्तावित ₹10,500 करोड़ की गैस-आधारित यूरिया परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देना।

461 गांवों में ग्रिड कनेक्टिविटी: बस्तर व संवेदनशील क्षेत्रों के 461 ऑफ-ग्रिड गांवों को स्थायी विद्युत ग्रिड से जोड़ना।

ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद: रायपुर या बस्तर में राष्ट्रीय स्तर के आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना करना।

मुख्यमंत्री ने 'बस्तर विजन' की प्रगति साझा करते हुए बताया कि 'नियद नेल्ला नार 2.0' और 'बस्तर मुन्ने' अभियानों से 5,542 गांवों के 39 लाख लोगों तक सरकारी योजनाएं पहुंच रही हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद 421 स्कूलों को दोबारा चालू किया गया है तथा ओरछा व जगरगुंडा में दंतेवाड़ा की तर्ज पर 'एजुकेशन सिटी' बनाई जा रही है। इसके अलावा, बस्तर ओलंपिक में 4 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया है।

सीएम साय ने यह भी जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024-30 के लागू होने के बाद राज्य को ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। साथ ही, राज्य में 10.42 लाख महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को वर्ष 2027 में रायपुर में प्रस्तावित 'लखपति दीदी सम्मेलन' में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।

Share: