BREAKING

Mahasamund Ganja Smuggling News: 27.260 किलो गांजा के साथ 4 पकड़े गए, नाबालिग भी शामिल; दो बाइक से हो रही थी तस्करी

Share:

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान कोमाखान पुलिस ने 27.260 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा गया है। कार्रवाई एनएच-353 स्थित टेमरी जांच नाके पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। 

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों से कुछ लोग ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ में गांजे की खेप लेकर प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही टेमरी नाके पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिलें पहुंचीं, जिन्हें रोककर सवारों की तलाशी ली गई।

तलाशी में बरामद हुआ 27 किलो से ज्यादा गांजा

पुलिस के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिलों की जांच के दौरान कुल 27 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 13.63 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 14.88 लाख रुपये आंका गया है। 

ओडिशा से धरमजयगढ़ ले जाने की बात सामने आई

पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से लाकर छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था।

मामले में तीन बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। 

सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी

महासमुंद पुलिस द्वारा ओडिशा सीमा से आने वाले वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। टेमरी जैसे अंतरराज्यीय जांच नाकों पर चेकिंग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी रोकने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का फोकस गांजे की खेप के स्रोत से लेकर उसके संभावित खरीदार तक पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है।

Share: