BREAKING

कर्तव्यनिष्ठ होकर जनसेवा एवं सुशासन के लिए जमीनी स्तर पर करें बेहतर कार्य: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Share:

रायपुर, 5 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने नवचयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में चयन होना एक बड़ी उपलब्धि है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलती है जब अधिकारी अपने पद का उपयोग जनसेवा, सुशासन और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए करें। मुख्यमंत्री श्री साय ने जोर देकर कहा कि प्रशासनिक अधिकारी शासन और जनता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए संवेदनशीलता, पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही को अपनी कार्यशैली का मूल आधार बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर काम करने, राजस्व मामलों (जैसे नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा) का समयबद्ध निस्तारण करने और आम नागरिकों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर समाधान करने की सलाह दी, ताकि प्रशासन के प्रति जनविश्वास और अधिक मजबूत हो सके। छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि वर्ष 2025 बैच के कुल 7 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का इंडक्शन प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। अब ये सभी प्रशिक्षु अधिकारी प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ होकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। मुलाकात के दौरान प्रशासन अकादमी की संयुक्त संचालक श्रीमती मेनका प्रधान और सभी नवचयनित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share: