BREAKING

Education News : रायपुर पश्चिम के 36 सरकारी स्कूलों में ₹25 लाख की लागत से लगे आधुनिक वॉटर कूलर, विधायक राजेश मूणत की पहल से मिला स्वच्छ पेयजल

Share:

रायपुर, 5 अगस्त। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत की विशेष पहल पर विधानसभा क्षेत्र के 36 शासकीय स्कूलों में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से आधुनिक वॉटर कूलर स्थापित किए गए हैं। इस सुविधा के शुरू होने से अब भीषण गर्मी और सामान्य दिनों में भी हजारों विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही निरंतर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

इस संबंध में विधायक राजेश मूणत ने हाल ही में मायाराम सुरजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चौबे कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वॉटर कूलर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही परिसर में वृक्षारोपण और सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को निःशुल्क साइकिल का वितरण भी किया गया। विधायक मूणत ने कहा कि सरकारी स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाना भविष्य की पीढ़ी में किया गया निवेश है। इससे न केवल बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा बल्कि पढ़ाई के प्रति उनकी एकाग्रता और नियमित उपस्थिति भी बढ़ेगी।

रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रायपुरा, सरोना, रामनगर, गुढ़ियारी, चौबे कॉलोनी, डंगनिया, आरडी तिवारी स्कूल, हीरापुर, टाटीबंध, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर सहित 36 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शालाओं को इस योजना से आच्छादित किया गया है। पेयजल व्यवस्था के अलावा इन स्कूलों में आधुनिक प्रार्थना शेड, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, स्वच्छता और हरित परिसर विकास के कार्य भी तेजी से कराए जा रहे हैं, जिससे सरकारी स्कूलों के प्रति अभिभावकों का विश्वास पुनः मजबूत हो रहा है।

Share: