BREAKING

Jashpur Mahtari Sadan News: जशपुर के केरसई में निर्मित 'महतारी सदन' बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल; स्व-सहायता समूहों को मिला स्थायी ठिकाना

Share:

रायपुर/जशपुर न्यूज़: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के ग्राम केरसई में निर्मित महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता का एक मजबूत केंद्र बनकर उभरा है। इस बहुउपयोगी भवन के निर्माण से क्षेत्र की महिलाओं को अपने समूह की नियमित बैठकों, प्रशिक्षण, आजीविका गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और स्थायी स्थान मिल गया है।

पेड़ की छांव और खुले आसमान से मिली मुक्ति:

महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती बबीता गुप्ता ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पहले समूह की बैठकों के लिए कोई निश्चित स्थान नहीं था। महिलाओं को कभी किसी सदस्य के घर, तो कभी खुले आसमान व पेड़ के नीचे बैठना पड़ता था। विशेष रूप से बारिश और भीषण गर्मी के मौसम में बैठकें रद्द हो जाती थीं, जिससे समूह के कामकाज और आजीविका गतिविधियों पर बुरा असर पड़ता था।

आजीविका और आत्मनिर्भरता को मिल रही नई दिशा:

श्रीमती गुप्ता ने बताया कि महतारी सदन बनने के बाद अब सभी सदस्य एक ही छत के नीचे नियमित रूप से एकत्र होती हैं। यहाँ समूह की बचत, ऋण वितरण, स्वरोजगार, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं पर व्यवस्थित ढंग से चर्चा होती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस संवेदनशील पहल ने महिलाओं की सालों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कर दिया है।

महिलाओं का कहना है कि महतारी सदन अब केवल एक ईंट-पत्थर का भवन नहीं, बल्कि उनके संगठन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास का मजबूत आधार बन चुका है।

Share: