रायपुर/खैरागढ़, 6 अगस्त। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम ठेलकाडीह स्थित संत गुरु घासीदास बाबा नवीन महाविद्यालय को पांच साल बीत जाने के बाद भी स्वयं का भवन नसीब नहीं हो सका है। कॉलेज का संचालन आज भी स्थानीय स्कूल भवन में किए जाने से नाराज छात्र-छात्राओं का गुस्सा गुरुवार को सड़क पर फूट पड़ा। छात्रों के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मिनीमाता चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन, आक्रोश रैली और चक्काजाम किया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इस उग्र प्रदर्शन का नेतृत्व डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान और जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने किया। प्रदर्शन के दौरान विधायक हर्षिता बघेल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा सदन में कई बार इस गंभीर जनसमस्या और भवन निर्माण का मुद्दा उठाया है, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा अब तक भवन निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल छात्र-छात्राओं ने जल्द से जल्द महाविद्यालय भवन के लिए भूमि आवंटन, बजट स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नए भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता है, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मांगों का ज्ञापन सौंपे जाने के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।