अटल नगर नवा रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (Science and Technology) के क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर पहुँचाने के लिए राज्य सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं। नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में विभाग की प्रमुख और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रगति का बारीकी से आकलन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने रायपुर में बनने वाली साइंस सिटी, रीजनल साइंस सेंटर, अत्याधुनिक एआई (AI) गैलरी तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित साइंस पार्कों की स्थापना संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और आम जनता में वैज्ञानिक दृष्टिकोण (Scientific Temperament) और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इसके साथ ही बैठक में वर्ष 2026-27 में रायपुर में आयोजित होने वाले 22वें अखिल भारतीय विज्ञान संग्रहालय एवं विज्ञान केंद्र प्रमुख सम्मेलन की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM), संस्कृति मंत्रालय (भारत सरकार) के सहयोग से होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए शीघ्र ही संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख सचिव ने सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।