BREAKING

Power News: NTPC की सातों इकाइयां एक साथ बंद, 2,600 MW बिजली उत्पादन ठप

Share:

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित NTPC के पावर प्लांट में शुक्रवार को तकनीकी गड़बड़ी के बाद सभी सातों उत्पादन इकाइयां एक साथ ट्रिप हो गईं। इसके चलते प्लांट में करीब 2,600 मेगावाट की कुल उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, खराबी पावर ग्रिड के बे में ब्रेकर की टेस्टिंग के दौरान हुई इलेक्ट्रिकल फॉल्ट के बाद सामने आई। 

यह घटना कोरबा के दर्री क्षेत्र स्थित प्लांट में हुई। NTPC कोरबा की सात इकाइयों में तीन इकाइयां 200-200 मेगावाट और चार इकाइयां 500-500 मेगावाट क्षमता की हैं। सभी इकाइयों के एक साथ बंद होने से प्लांट की बिजली उत्पादन क्षमता पूरी तरह प्रभावित हो गई। 

बताया गया कि पावर ग्रिड की ओर से बे ब्रेकर की टेस्टिंग की जा रही थी। इसी दौरान इलेक्ट्रिकल फॉल्ट हुआ और उसका असर प्लांट की सभी इकाइयों पर पड़ा। NTPC के अनुसार, स्थिति को सामान्य करने के लिए इकाइयों को एक-एक करके दोबारा चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। 

कोरबा प्लांट से छत्तीसगढ़ के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा और दादरा-नगर हवेली एवं दमन-दीव जैसे क्षेत्रों को भी बिजली आपूर्ति की जाती है। ऐसे में सभी इकाइयों के एक साथ बंद होने से बिजली उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ने की स्थिति बनी। 

फिलहाल इंजीनियरों और तकनीकी टीम की ओर से प्लांट की इकाइयों को चरणबद्ध तरीके से बहाल करने का काम किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में बाहरी बिजली आपूर्ति पर प्रभाव की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं की गई थी, इसलिए आपूर्ति पर वास्तविक असर का आकलन बहाली की स्थिति के बाद ही स्पष्ट होगा

Share: