रायपुर, 12 अगस्त 2026 : रायपुर जिले के आरंग विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत रसनी में शासकीय भूमि आवंटन को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति निर्मित हो गई है। ग्राम सभा के स्पष्ट निर्णय और जनभावनाओं को दरकिनार करते हुए लगभग 22 हेक्टेयर (54 एकड़) बहुउद्देश्यीय शासकीय भूमि को 'जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र' को सौंपने की प्रशासनिक प्रक्रिया का ग्रामीणों ने पुरजोर विरोध किया है। इस फैसले के खिलाफ क्षेत्र में भारी जन-आक्रोश देखने को मिल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत रायपुर के सदस्य वतन अंगनाथ चंद्राकर की अगुवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आरंग थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि को उद्योग विभाग को आवंटित किया जा रहा है, वह गांव के सार्वजनिक, निस्तारी और भविष्य के विकास कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्राम सभा द्वारा पूर्व में ही इस भूमि को किसी अन्य प्रयोजन के लिए न देने का प्रस्ताव पारित किया जा चुका था, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया है।
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 15 अगस्त की सुबह तक इस भूमि आवंटन पर रोक का आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया जाता, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी न होने की स्थिति में क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।