रायपुर। यंग इंडियंस (Yi) रायपुर ने अपनी फ्लैगशिप पहल ‘युवा उत्सव 5.0’ की घोषणा की है। दो दिवसीय राज्यस्तरीय युवा आयोजन 16 और 17 सितंबर 2026 को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि और उपमुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
नेतृत्व, नवाचार और उद्यमिता पर रहेगा फोकस
‘द नेक्स्ट मूव’ थीम पर आधारित युवा उत्सव में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, उद्यमशीलता और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। प्रदेश के 17 प्रमुख शिक्षण संस्थानों से करीब 2,000 से 2,200 विद्यार्थी इसमें हिस्सा लेंगे। माइंडसेट कोच एवं मोटिवेशनल स्पीकर राहुल कपूर मुख्य वक्तव्य देंगे।
राष्ट्रीय विशेषज्ञ पैनल में अर्जुन वैद्य, कुशल अग्रवाल और सृष्टि तनवानी युवाओं से संवाद करेंगे। वहीं क्षेत्रीय उद्योग पैनल में ऐश्वर्या गोयल, अभिनव जैन, अभिषेक जायसवाल और विकास गोयल अपने अनुभव साझा करेंगे। केरल के 17 वर्षीय एआई ट्रेनर राउल जॉन अजू विशेष तकनीकी सत्र आयोजित करेंगे।
पांच कार्यशालाओं में सीखेंगे व्यावहारिक कौशल
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पांच विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रांजल कामरा वित्तीय साक्षरता, अनुश्री और अंकुश एआई एवं प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, नम्रता धारीवाल सोशल मीडिया ग्रोथ, मानव गुप्ता पब्लिक स्पीकिंग और श्रेयांस श्रीश्रीमाल ‘स्टॉप क्लिकिंग. स्टार्ट सीइंग’ विषय पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के 10 चयनित स्टार्टअप्स के इनोवेशन मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ लाइव म्यूजिकल बैंड परफॉर्मेंस भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
‘फ्यूचर 6.0’ से समाधान आधारित सोच को मिलेगा मंच
युवा उत्सव के साथ ‘फ्यूचर 6.0’ विजन का भी अनावरण किया गया है। इसके जरिए युवाओं को सामाजिक, आर्थिक और नगरीय चुनौतियों के व्यावहारिक और बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में Yi रायपुर चेयर पंकज सोमानी, को-चेयर कवित पसारी, ‘युवा’ वर्टिकल चेयर प्रियंका गवलानी, को-चेयर आदित्य अग्रवाल और सीआईआई छत्तीसगढ़ सचिवालय से नाजिश फरहान मौजूद रहे।