BREAKING

अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि: रायपुर में जगह-जगह पुष्पांजलि कार्यक्रम, विधायकों व महापौर ने प्रतिमा स्थल पर किया नमन

Share:

रायपुर, 16 अगस्त 2026 : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थलों पर पुष्पांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रायपुर नगर निगम के संस्कृति विभाग और जोन क्रमांक 10 के तत्वावधान में फुंडहर चौक स्थित अटल परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजनों ने अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी और जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि अटल जी ने पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण करवाकर भारत को विश्व की परमाणु महाशक्ति बनाया। उन्होंने कहा कि बिना किसी बड़े संघर्ष के छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल जी की ही देन है।

राजनीतिक शुचिता के प्रतीक थे अटल जी: महापौर मीनल चौबे

महापौर मीनल चौबे ने अटल जी को याद करते हुए कहा कि वे राजनीति के क्षेत्र में सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके जैसी राजनीतिक शुचिता न भूतो न भविष्यति है। वहीं निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों को अपने राज्य की पहचान मिलने का सौभाग्य अटल जी के कारण ही संभव हो सका, जिन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए पृथक राज्य का निर्माण किया।

इसी क्रम में नगर निगम जोन 3 के सहयोग से अवंति विहार कॉलोनी स्थित एटीएम चौक पर भी संक्षिप्त श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यहां रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Share: