बेमेतरा, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के दिन बेमेतरा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम गुनरबोड़ के पास बाइक और जाइलो कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पांच वर्षीय बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बाइक सवार चारों लोग घायल
जानकारी के अनुसार बाइक पर कुश डेहरे (5), प्रवीण डेहरे, सागर सोनकेवरे और आकाश घृतलहरे सवार थे। सभी ग्राम ढोकला के निवासी बताए जा रहे हैं। गुनरबोड़ के पास बाइक और जाइलो कार की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार चारों लोग घायल हो गए।
दो घायलों को रायपुर किया गया रेफर
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच वर्षीय कुश डेहरे और प्रवीण डेहरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। वहीं अन्य दो घायलों का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।