BREAKING

CG News: बिलासपुर की ‘निदान 1100’ सेवा खुद बेहाल, आम लोगों की शिकायतें हफ्तों से पेंडिंग

Share:

बिलासपुर। नगर निगम क्षेत्र में आम जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई हेल्पलाइन सेवा ‘निदान 1100’ इन दिनों खुद अव्यवस्था का शिकार होती नजर आ रही है। लोगों की शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन शिकायतों का समाधान 24 से 48 घंटे के भीतर किया जाना चाहिए, उनमें से कई शिकायतें हफ्तों तक लंबित रहने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि सड़क, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज होने के बाद भी कई मामलों में कार्रवाई समय पर नहीं हो रही है। शिकायतों के लंबित रहने से लोगों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। नागरिकों का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान होने में काफी समय लग रहा है।

वहीं, आरोप है कि प्रभावशाली या वीआईपी स्तर से आने वाले फोन और शिकायतों पर निगम का अमला तेजी से सक्रिय हो जाता है, जबकि आम नागरिकों की शिकायतें लंबे समय तक लंबित रहती हैं। इससे हेल्पलाइन सेवा की पारदर्शिता और प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि सभी शिकायतों का तय समय-सीमा में निष्पक्ष तरीके से निराकरण किया जाए और लंबित मामलों की नियमित निगरानी हो।

Share: