रायपुर। छत्तीसगढ़ में नीट यूजी काउंसलिंग 2026 को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्थानीय विद्यार्थियों के हितों की रक्षा को प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों में बढ़ोतरी का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर देना है। डोमिसाइल को लेकर किसी तरह की शिकायत या शंका सामने आने पर उसकी गंभीरता से जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही हैं, उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि नियमों का उल्लंघन, गलत जानकारी या फर्जीवाड़ा सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने मेहनत से नीट परीक्षा में सफलता हासिल की है और उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया रहेगी पारदर्शी
छत्तीसगढ़ राज्य काउंसलिंग समिति के अनुसार, नीट यूजी प्रवेश 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित प्रवेश नियमों के तहत संचालित की जा रही है। इसमें पंजीयन, प्राथमिकता क्रम, सीट आवंटन, मूल दस्तावेजों की जांच और प्रवेश की प्रक्रिया शामिल है।
मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश पूरा
प्रवेश नियम 2025 के नियम 7 के तहत अभ्यर्थियों के मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी या संवर्ग से जुड़े प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। सीट आवंटित होने के बाद मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने और सत्यापन में पात्र पाए जाने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।
गलत जानकारी देने पर प्रवेश हो सकता है रद्द
काउंसलिंग समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी ने गलत या झूठी जानकारी देकर अथवा किसी महत्वपूर्ण तथ्य को छिपाकर प्रवेश हासिल किया है, तो उसका प्रवेश निरस्त किया जा सकता है। प्रवेश मिलने के बाद भी यदि दस्तावेजों या पात्रता में गड़बड़ी सामने आती है, तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
राज्य काउंसलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी अफवाहों और भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें। किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में अभ्यर्थी अधिकृत काउंसलिंग पोर्टल के Candidate Login में उपलब्ध Candidates Grievances and Query Redressal System के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा काउंसलिंग शाखा के ई-मेल cgdme.counseling@gmail.com पर भी संपर्क किया जा सकता है।