रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए वन विभाग में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। विभाग में रिक्त 1484 वनरक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति दी गई है। इन पदों के लिए 13 दिसंबर 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। शारीरिक मापदंड और शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे 16,762 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के प्रयासों और भर्ती प्रक्रिया की लगातार समीक्षा के बाद लंबित मामलों का निराकरण करते हुए परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया है। मंत्री ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से इस अवसर का इंतजार कर रहे हैं और मेहनत के साथ परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। सरकार उनके परिश्रम और आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए योग्य युवाओं को जल्द रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
केदार कश्यप ने कहा कि वनरक्षक की नौकरी केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि प्रदेश की वन संपदा, जैव विविधता और वन्यजीवों की सुरक्षा में योगदान देने का अवसर भी है। वनरक्षक मैदानी स्तर पर वनों की सुरक्षा, अवैध कटाई रोकने, वन अपराधों पर नियंत्रण और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 1484 नए वनरक्षकों की नियुक्ति से विभाग की मैदानी क्षमता बढ़ेगी और वन एवं वन्यजीव संरक्षण के कार्यों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि भर्ती पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी होगी तथा सभी योग्य उम्मीदवारों को समान अवसर दिया जाएगा।