मोहला। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना जारवंडी क्षेत्र के दोलेंदा गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 57 वर्षीय ग्रामीण हरी बोहरण वड्डे रविवार सुबह जंगल की ओर गया था, इसी दौरान बाघ ने उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को जंगल एवं आसपास के संवेदनशील इलाकों में जाने से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों द्वारा बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
बताया गया है कि औंधी क्षेत्र में पहले दिखाई दिए बाघ से यह बाघ अलग है। सीमा से लगे जंगलों में बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग सतर्क है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में आवश्यक निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।