नवा रायपुर, 13 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ ने एक प्रतिस्पर्धी, निवेश-अनुकूल और टिकाऊ औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए '5वें CII ग्रीन स्टील एंड माइनिंग समिट 2026' का सफलतापूर्वक समापन किया। नवा रायपुर में आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशेष संबोधन दिया। उन्होंने राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश संभावनाओं और शून्य-कार्बन उत्सर्जन की दिशा में उठाए जा रहे ठोस कदमों पर प्रकाश डालते हुए उद्योग जगत का आह्वान किया कि वे छत्तीसगढ़ में ग्रीन स्टील और डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग में निवेश करें।
समिट के दौरान भारत सहित ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका जैसे देशों के 700 से अधिक प्रतिनिधियों, 40 से अधिक विशेषज्ञ वक्ताओं और 70 से अधिक औद्योगिक घरानों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में 8 तकनीकी सत्र आयोजित किए गए तथा 55 से अधिक आधुनिक स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में राज्य सरकार और विभिन्न निवेशक कंपनियों के बीच 'अभिप्राय पत्र' (Letters of Intent to Invest) का आदान-प्रदान भी किया गया, जो राज्य के औद्योगिक परिदृश्य को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रचुर खनिज संसाधन, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिस्पर्धी दरों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के दम पर छत्तीसगढ़ देश का अग्रणी 'ग्रीन स्टील हब' बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि राज्य की स्टील उत्पादन क्षमता को 28 मिलियन टन से बढ़ाकर 45 मिलियन टन करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर CSIDC के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि नवा रायपुर के विशेषीकृत क्लस्टर्स के साथ राजनांदगांव जिले में स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना जैसी दूरगामी पहल की जा रही है। कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, उद्योग सचिव रजत कुमार और CII अध्यक्ष आर. मुकुंदन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व उद्योगपति उपस्थित रहे।