रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) द्वारा ग्रीन स्टील एवं माइनिंग समिट 2026 का आयोजन 12 और 13 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में किया जाएगा। यह समिट का पांचवां संस्करण है, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे। दो दिवसीय सम्मेलन में भारत और विदेशों से 400 से अधिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे शामिल
समिट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे। वे देश के प्रमुख इस्पात उत्पादक राज्यों में शामिल छत्तीसगढ़ में सतत औद्योगिक विकास के रणनीतिक महत्व पर अपना संबोधन देंगे। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
सम्मेलन में फिनलैंड, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और स्वीडन सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इस दौरान इस्पात और खनन क्षेत्र से जुड़े नीति-निर्माताओं, उत्पादकों, तकनीकी कंपनियों, स्थिरता विशेषज्ञों और शिक्षाविदों को एक मंच पर आने का अवसर मिलेगा।
ग्रीन स्टील और कम कार्बन उत्पादन पर होगा मंथन
समिट में भारत के इस्पात क्षेत्र में ग्रीन ट्रांजिशन को बढ़ावा देने के लिए नई तकनीकों, नीतिगत ढांचे और वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही बेहतर प्रक्रियाओं पर चर्चा होगी। कम उत्सर्जन वाले इस्पात उत्पादन, ग्रीन स्टील को बढ़ावा देने वाली नीतियों और कम कार्बन इस्पात उत्पादन के अंतरराष्ट्रीय उदाहरणों पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।
8 तकनीकी सत्र और 50 से ज्यादा टेक्नोलॉजी प्रदर्शक
समिट की प्रमुख विशेषताओं में 40 से अधिक वक्ताओं के साथ 8 तकनीकी सत्र और पैनल चर्चाएं शामिल हैं। इसके अलावा 50 से अधिक टेक्नोलॉजी एक्सपोजिशन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस आयोजन में 70 से अधिक उद्योगों की भागीदारी होगी। इसमें प्राथमिक एवं द्वितीयक इस्पात उत्पादक, उपभोक्ता, अनुसंधान संस्थान, अंतरराष्ट्रीय संगठन और गैर-सरकारी संस्थाएं शामिल होंगी। सम्मेलन के माध्यम से तकनीकी कंपनियों और इस्पात एवं खनन उत्पादकों के बीच सहयोग के नए अवसर तलाशे जाएंगे।
प्रेस ब्रीफिंग में CII पदाधिकारी रहे मौजूद
समिट को लेकर आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में CII ईस्टर्न रीजन की स्टील सब-कमेटी के चेयरमैन सिद्धार्थ अग्रवाल, CII छत्तीसगढ़ के चेयरमैन बजरंग गोयल और CII छत्तीसगढ़ के वाइस चेयरमैन आनंद सिंघानिया उपस्थित रहे।