BREAKING

फाडा अकादमी का पहला वैश्विक रणनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम लंदन में सम्पन्न

Share:

नई दिल्ली, 14 अगस्त 2026 : फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) की शैक्षणिक शाखा 'फाडा अकादमी' ने लंदन स्थित प्रतिष्ठित इम्पीरियल कॉलेज बिजनेस स्कूल (Imperial College Business School) में अपने पहले 'वैश्विक रणनीतिक नेतृत्व कार्यक्रम' (Global Strategic Leadership Programme) का सफल आयोजन किया। 20 से 24 जुलाई 2026 तक संचालित इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश भर के 18 प्रमुख ऑटोमोबाइल रिटेल लीडर्स, डीलर प्रिंसिपल्स, बिजनेस ओनर्स और नई पीढ़ी के उद्यमियों ने भाग लिया।

इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय ऑटोमोबाइल रिटेल क्षेत्र के नेतृत्वकर्ताओं को वैश्विक कारोबारी दृष्टिकोण, आधुनिक तकनीकों, डेटा-आधारित निर्णय क्षमता, डिजिटल मार्केटिंग, नवाचार और उच्च प्रदर्शन वाली टीमों के निर्माण के गुर सिखाना था। कार्यक्रम के दौरान कक्षा-आधारित प्रशिक्षण के साथ अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ संवाद, केस स्टडीज, केस एनालिसिस और अनुभवात्मक भ्रमण के जरिए नई व्यावसायिक रणनीतियों पर मंथन हुआ।

फाडा अकादमी एवं रिसर्च के चेयरमैन मनीष राज सिंघानिया ने इस आयोजन की सफलता को भारतीय ऑटोमोबाइल रिटेल उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक पड़ाव करार दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल भारतीय कारोबारियों को वैश्विक स्तर की सीख और अंतर्दृष्टि प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। वहीं, इम्पीरियल कॉलेज बिजनेस स्कूल के गांधी सेंटर फॉर इन्क्लूसिव इनोवेशन के सह-निदेशक प्रो. संकल्प चतुर्वेदी ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बदलती ग्राहक अपेक्षाओं और तकनीक के दौर में नए अवसरों को पहचानने पर जोर दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी 18 प्रतिभागियों को 'फाडा अकादमी ग्लोबल लीडरशिप क्लब' के संस्थापक सदस्य के रूप में मान्यता प्रदान की गई।

Share: