रायपुर, 7 अगस्त। भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा नया रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ राज्य में बाढ़ आपदा प्रबंधन एवं पूर्व तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के सभी जिलों के आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारियों को बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने, त्वरित राहत-बचाव कार्य संचालित करने और अंतर-विभागीय समन्वय को सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तृत तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राज्य भर में बाढ़ आपदा से निपटने की वास्तविक तैयारियों को परखने के लिए रणनीति तैयार की गई है। इसके तहत 18 अगस्त को राज्य स्तरीय 'टेबल टॉप एक्सरसाइज' आयोजित की जाएगी, जिसके ठीक बाद 20 अगस्त को सभी जिलों में व्यापक 'मॉक एक्सरसाइज' का आयोजन होगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को इन अभ्यासों के प्रत्येक चरण को गंभीरता से समझने के कड़े निर्देश दिए हैं।
इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में बाढ़ आपदा के दौरान स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पशुपालन जैसे प्रमुख विभागों के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर सेना व SDRF के महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, रायपुर रेल मंडल प्रबंधक, NDRF कमांडेंट, एयरपोर्ट निदेशक, दूरसंचार सहित पंचायत, ऊर्जा, परिवहन और खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि को रोका जा सके।