रायपुर, 7 अगस्त। छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (CGSDMA) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने राज्य में आपदा जोखिम न्यूनीकरण, मानसून अवधि की पूर्व तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान राज्य में बाढ़, अतिवृष्टि, आकाशीय बिजली तथा भूस्खलन जैसी संभावित मौसमी आपदाओं से निपटने के लिए किए गए इंतजामों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने राज्य एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों की कार्यप्रणाली और समन्वय व्यवस्था का ब्योरा प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पूर्व चेतावनी देने वाले 'सचेत प्लेटफॉर्म' और सेल ब्रॉडकास्ट आधारित अलर्ट प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। NDMA के संयुक्त सलाहकार संजीव सही ने राज्य में चल रहे आपदा प्रबंधन कार्यों में राष्ट्रीय प्राधिकरण की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में NDRF, SDRF और जिला प्रशासन के बीच आपसी समन्वय को अधिक मजबूत बनाने, मॉक एक्सरसाइज, क्षमता निर्माण और सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। आगामी मानसून अवधि के दौरान संवेदनशील जिलों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी अंतर-विभागीय समन्वय के माध्यम से किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम से न्यूनतम रखना है।