BREAKING

Infrastructure News : रायगढ़ में विकास को मिल रही नई रफ्तार, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिए 41 लाख के विकास कार्यों के उपहार

Share:

रायगढ़, 7 अगस्त। रायगढ़ शहर में नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार को गति देने के लिए राज्य सरकार द्वारा योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में ₹41 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। वित्त मंत्री ने वार्ड क्रमांक 28 पंजरी प्लांट में ₹33 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन व शासकीय स्कूल की बाउंड्रीवाल का भूमिपूजन किया, वहीं वार्ड क्रमांक 9 नवागढ़ी में ₹8 लाख की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ को आधुनिक, सुविधायुक्त और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में रायगढ़ शहर में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए 10 नए 'ऑक्सीजोन' विकसित किए जाएंगे। इसी क्रम में पंजरी प्लांट स्थित उपभोक्ता फोरम के पास ऑक्सीजोन और ओपन जिम स्थापित करने की सौगात दी गई। मंत्री चौधरी ने इस दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की अपील की।

वित्त मंत्री ने रायगढ़ के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की जानकारी देते हुए बताया कि यातायात के दबाव को कम करने के लिए लगभग ₹600 करोड़ की लागत से 'रिंग रोड' का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त छात्रों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 'नालंदा परिसर' का निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए जिले में 'नर्सिंग महाविद्यालय' व 'फिजियोथेरेपी महाविद्यालय' खोलने की प्रक्रिया जारी है। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share: