BREAKING

Independence Day 2026: आनंदम वर्ल्ड सिटी में उल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Share:

रायपुर, 15 अगस्त 2026 : कचना स्थित आनंदम वर्ल्ड सिटी में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में कॉलोनी के रहवासियों, बच्चों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे परिसर में तिरंगे की आन-बान-शान और देशभक्ति के रंग सिर चढ़कर बोलते नजर आए।

कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत सुबह 9 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता कमलेश पीपरी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस गरिमामय अवसर पर पुलिस डीआईजी पारुल माथुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। ध्वजारोहण के तत्काल बाद राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति की गूंज से ओत-प्रोत हो गया।

समारोह में आनंदम वर्ल्ड सिटी के बच्चों द्वारा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भावपूर्ण और मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, नृत्यों और नाटिकाओं के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान व समर्पण की भावना को बखूबी अभिव्यक्त किया। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर गोल्ड ब्रिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर के संचालक आयुष मोदी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से एकता, सद्भाव, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ एक सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। समारोह का समापन देशभक्ति के उत्साह, मिष्ठान वितरण और सामाजिक एकजुटता के सुंदर संदेश के साथ हुआ।

Share: