BREAKING

Korba Bike Fire News: कोरबा में गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान बाइक में लगी भीषण आग, किक मारते ही उठी चिंगारी से जलकर खाक

Share:

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गैरेज में रिपेयरिंग के दौरान अचानक बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि मैकेनिक की सूझबूझ से बाइक को दुकान से बाहर निकाल लिया गया, वरना आसपास की अन्य गाड़ियाँ और दुकान भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।

किक मारते ही उठी चिंगारी और भड़की आग

यह पूरा मामला मानिकपुर चौकी इलाके के मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास का है। बताया जा रहा है कि गाड़ी स्टार्ट न होने की शिकायत लेकर एक युवक अपनी बाइक को रिपेयरिंग के लिए गैरेज लेकर पहुँचा था।

जब मैकेनिक बाइक को ठीक करने के बाद किक मार रहा था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठी और आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाइक में पेट्रोल लीकेज था, जिसके कारण चिंगारी ने तुरंत विकराल रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल पहुँचती उससे पहले जली बाइक

दुकान और वहाँ खड़ी अन्य बाइकों को आग से बचाने के लिए आनन-फानन में जलती हुई बाइक को सड़क पर लाया गया। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई, लेकिन जब तक दमकल की टीम मौके पर पहुँचती, तब तक बाइक पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी।

Share: