विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने रविवार को बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण रोजगार, जल संरक्षण, अधोसंरचना विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण परिवारों की मांग के अनुसार अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए और स्वीकृत निर्माण कार्यों में पूरी गुणवत्ता बरती जाए।
श्रमिकों से संवाद और NMMS ऐप से खुद दर्ज की उपस्थिति
दौरे के क्रम में आयुक्त सिन्हा ने 'धार-अपार अभियान' के तहत नदी किनारे चल रहे जल संरक्षण और ट्रेंच निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। कार्यस्थल पर मौजूद 138 श्रमिकों से संवाद कर उन्हें योजना के प्रावधानों और समय पर मजदूरी मिलने की जानकारी दी। पारदर्शिता का संदेश देते हुए उन्होंने खुद NMMS ऐप के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की।
ग्रामीण अधोसंरचना और आजीविका कार्यों का जायजा:
भवनों का निर्माण: ग्राम पंचायत ताला में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और चारभाठा में स्कूल शौचालय निर्माण को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल: बाबामोहतरा में आयोजित चौपाल में स्व-सहायता समूह की महिलाओं और श्रमिकों से सीधी चर्चा कर आजीविका मूलक कार्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
फलदार वृक्षारोपण: जेवरा (एन) में 26 एकड़ क्षेत्र में किए गए फलदार वृक्षारोपण की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण और आजीविका दोनों के लिए उपयोगी बताया।
जलदूत ऐप से भूजल मापन: कठिया गांव में 'पोस्ट मानसून जलदूत ऐप' के जरिए कुओं के जलस्तर मापन की शुरुआत की और खुद रीडिंग लेकर ऐप में अपलोड किया।
समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस बेमेतरा में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई। इसमें जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने, समय पर मजदूरी भुगतान और कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।