BREAKING

Lightning Strike: घर पर गिरी आकाशीय बिजली, बैगा दंपती की मौत से गांव में पसरा मातम

Share:

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपती की मौत हो गई। हादसा मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी में हुआ। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे मंगल सिंह (46) अपने घर की दीवार से टिककर बैठे थे, जबकि उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43) पास की परछी में काम कर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना और चमक के साथ आकाशीय बिजली मकान पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा आकाशीय बिजली गिरने के कारण हुआ है। घटना के बाद मृतक परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर है।

हादसे से ग्रामीणों में दहशत

बारिश के दौरान अचानक हुए इस हादसे से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्राकृतिक आपदा में प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share: