रायपुर/रायगढ़, 14 अगस्त 2026 : रायगढ़ जिले के पंजरी प्लांट स्थित सहस्रबाहु चौक पर श्री राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु की भव्य प्रतिमा का अनावरण छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंजरी प्लांट स्थित बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में कलार समाज का विशाल सामाजिक सम्मेलन एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दोनों मंत्रियों का लड्डुओं से तौलकर और पुष्पमालाओं से भव्य अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बेटियों की शिक्षा और नई पीढ़ी के उत्थान पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसके बच्चों की प्रगति से तय होती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल नौकरियों तक सीमित न रहकर कृषि, व्यवसाय, कला और मीडिया जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाएं। वित्त मंत्री ने कक्षा 10वीं और 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के होनहार विद्यार्थियों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माण और विकास में कलचुरी वंश का ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान अविस्मरणीय रहा है। इस दौरान नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलार समाज के प्रदेशाध्यक्ष विजय जायसवाल, महाध्यक्ष सरोज दुष्यंत डनसेना, जिलाध्यक्ष केशव जायसवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।