रायपुर, 11 अगस्त। देश भर में युवाओं के जारी प्रदर्शनों और उस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री गृह मंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक और युवा को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने और अपने मुद्दे रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन विरोध की आड़ में सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी युवाओं को उकसाकर देश में अराजकता और भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ लेने के लिए युवाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है और उन्हें भ्रमित कर सड़कों पर उतारने की रणनीति पर काम कर रही है। सरकार युवाओं के हितों और उनके मुद्दों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान करने के लिए तैयार है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की हिंसा, उपद्रव या कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। शासन-प्रशासन ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटेगा जो प्रदर्शनों की आड़ में शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। विजय शर्मा ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपनी बात को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीकों से ही शासन के समक्ष रखें।