रायपुर। सन्मति नगर, फाफाडीह स्थित श्री खण्डेलवाल दिगंबर जैन मंदिर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 9:30 बजे मंदिर परिसर में रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर एवं स्थानीय पार्षद महेंद्र खोडियार के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित समाजजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया और देश की स्वतंत्रता, एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान मंदिर परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया। समाजजनों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
राष्ट्रहित में योगदान देने का किया आह्वान
कार्यक्रम में दिगंबर जैन समाज के गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठजनों और समाज के सदस्यों की उपस्थिति रही। अतिथियों ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति और सामाजिक एकता में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समाजजनों से राष्ट्रहित में अपना योगदान देने और नई पीढ़ी को देशभक्ति, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की जानकारी पंचायत अध्यक्ष अरविंद बड़जात्या ने दी।