बालोद। जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक शिकारी को गिरफ्तार किया है। गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को जंगल में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर एक व्यक्ति को पकड़ लिया।
वन विभाग के अनुसार, आरोपी ने जंगल में वन्यजीवों को पकड़ने के लिए जाल बिछाकर रखा था। हालांकि किसी वन्यजीव के जाल में फंसने से पहले ही वन विभाग की टीम ने शिकारी को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान उसके पास से शिकार में इस्तेमाल होने वाला जाल, गुलेल, मिट्टी की गोलियां, टंगिया और गैंती समेत अन्य सामान बरामद किया गया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से जंगल में अवैध शिकार की एक कोशिश नाकाम हो गई। विभाग द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही है।