रायपुर, 23 अगस्त 2026। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर में रविवार को भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष पर्व है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। गुढ़ियारी के मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष और भक्ति से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी धार्मिक परंपराओं, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ती है।
मुख्यमंत्री ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि महादेव घाट स्थित यह प्रमुख शिवधाम छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ-साथ समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं से भी जुड़ी है। प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ हमारी धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, एकता और समरसता को मजबूत करते हैं। अलग-अलग वर्गों के लोग एक साथ शामिल होकर सेवा, सहयोग और सामूहिकता की भावना को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति, प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा प्रदेशवासियों पर बनी रहे और छत्तीसगढ़ विकास एवं जनकल्याण के पथ पर लगातार आगे बढ़ता रहे।
जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
कांवड़ यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा निगम-मंडलों के अध्यक्ष, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा ने राजधानी रायपुर में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। हजारों शिवभक्तों ने पवित्र जल के साथ भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए यात्रा शुरू की।