अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। राजपुर-कुसमी मुख्य मार्ग पर सेवारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पास बॉक्साइट से लोड ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिकअप में चालक समेत 11 लोग थे सवार
जानकारी के अनुसार, पिकअप में चालक समेत कुल 11 मजदूर सवार थे। इसी दौरान सेवारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पास सामने से आ रहे बॉक्साइट लोड ट्रक से पिकअप की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
7 मजदूर गंभीर, अंबिकापुर रेफर
हादसे में घायल हुए 7 मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। हादसे में तीन मजदूरों की मौत के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।