BREAKING

CG News: सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, मुख्य सचिव ने दुर्घटनाओं पर रोक के लिए दिए अहम निर्देश

Share:

रायपुर। राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

8 जिलों पर विशेष फोकस, दुर्घटनाओं के कारणों का होगा विश्लेषण

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की अधिक संख्या वाले 8 जिलों—रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, बलौदाबाजार, सरगुजा और जगदलपुर (बस्तर)—पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इन जिलों में दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। ब्लैक स्पॉट की पहचान, सुधार और सुधार के बाद दुर्घटनाओं में आई कमी का भी नियमित मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क बनने के बाद सुधार करने से बेहतर है कि निर्माण के समय ही सड़क का डिजाइन सुरक्षित और मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को ब्लैक स्पॉट पर समय-सीमा में सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण को रोकने के लिए भी ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा गया।

घायलों के इलाज और 108 एंबुलेंस की होगी मॉनिटरिंग

सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी बैठक में विशेष जोर दिया गया। घायलों का प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 108 एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता की सख्त निगरानी करने और ट्रामा सेंटरों को और मजबूत करने को कहा गया।

दुर्घटना के घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नेक नागरिकों यानी गुड सेमेरिटन को प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूल-कॉलेजों में बनेंगे रोड क्लब

सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में रोड क्लब गठित करने पर जोर दिया गया। युवाओं को यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों में अधिक से अधिक शामिल करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क सुरक्षा अभियान को जनभागीदारी से मजबूत बनाया जा सके।

सभी जिलों के कलेक्टरों को जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत परिवहन सचिव एस. प्रकाश ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी के साथ की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) प्रदीप गुप्ता सहित लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, जनसंपर्क और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share: