BREAKING

Chhattisgarh Mobile Tower Approval Demand: छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचलों को मिलेगी डिजिटल पहचान; सीएम विष्णु देव साय ने केंद्र से 2,305 नए मोबाइल टावरों की मांगी मंजूरी

Share:

नई दिल्ली/रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, जनजातीय और सीमावर्ती वनांचल क्षेत्रों में निर्बाध मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित संचार भवन में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार पर चर्चा करते हुए डिजिटल भारत निधि (DBN) योजना के तहत प्रस्तावित 2,305 नए मोबाइल टावरों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार द्वारा राज्य के नक्सल प्रभावित व दुर्गम क्षेत्रों के लिए पूर्व में स्वीकृत किए गए 577 अतिरिक्त मोबाइल टावरों के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि इन 577 टावरों में से 489 स्थानों के लिए बीएसएनएल को भूमि संबंधी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 88 स्थानों पर प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।

मुलाकात के दौरान सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'डिजिटल इंडिया' के संकल्प को राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ घर बैठे मिल सकेगा। इससे बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ अंचलों के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Share: