धमतरी/रायपुर, 8 अगस्त। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के श्यामतराई गांव से सामाजिक ताने-बाने को झकझोरने वाला मामला सामने आया है। गांव में एक महिला की मृत्यु के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों और मृतका के परिजनों के बीच गहरा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने श्मशान घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर बांस-बल्लियां लगाकर रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया और श्मशान पर पहरा बैठा दिया, जिससे गांव में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, राजस्व अधिकारी और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और मृतका के परिजनों के साथ अलग-अलग बैठक कर विवाद के कारणों को जाना तथा दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में अंतिम संस्कार रोकना गैर-कानूनी और मानवीय संवेदनाओं के विपरीत है।
प्रशासन और पुलिस की कड़ी मशक्कत व घंटों चली समझाइश के बाद आखिरकार ग्रामीण शांत हुए और श्मशान घाट का रास्ता खोला गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। इस घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, वहीं प्रशासन मामले से जुड़े अन्य सामाजिक पहलुओं की भी जांच कर रहा है।