रायपुर, 7 अगस्त। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 1 क्षेत्र में बकाया राजस्व वसूली को लेकर निगम प्रशासन ने बकायेदारों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश तथा उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा व जोन 1 कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग की टीम ने विभिन्न वार्डों में दबिश देकर सीलबंदी की कार्रवाई की। इस दौरान लंबे समय से संपत्तिकर जमा न करने वाले 4 बड़े बकायेदारों के संस्थानों को सील कर दिया गया।
नगर निगम जोन 1 की राजस्व टीम ने जानकारी दी कि जिन 4 बड़े संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई, उन पर कुल ₹8,65,433 का संपत्तिकर बकाया था। निगम अधिकारियों द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एक बकायेदार ने सीलबंदी से बचने के लिए मौके पर ही ₹1,64,687 की बकाया राशि का तत्काल भुगतान नगर निगम के कोष में जमा कराया, जिसके बाद राहत दी गई।
इस विशेष कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता द्रोनी कुमार पैकरा, जोन सहायक राजस्व अधिकारी मनीष मरकाम, राजस्व निरीक्षक आशीष शर्मा, संतोष साहू और सहायक राजस्व निरीक्षक अरविंद छेदइया सहित निगम की टीम उपस्थित रही। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी वार्डों में बकाया करों की शत-प्रतिशत वसूली के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और टैक्स न चुकाने वाले संस्थानों पर बिना किसी रियायत के सीलबंदी व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।