बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में दो साल की मासूम बच्ची की झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के दौरान बच्ची के चाचा ने उसे जलते लकड़ी के चूल्हे में डाल दिया था। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक विवाद के बाद सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, बच्ची की मां और उसके देवर के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि देवर महिला और उसकी दो वर्षीय बेटी को अपने साथ लेकर चला गया था। बाद में वापस लौटने के बाद परिवार में विवाद हुआ। इसी दौरान बच्ची को जलते चूल्हे में डालने का आरोप लगाया गया है।
गंभीर रूप से झुलसी बच्ची ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना में बच्ची बुरी तरह झुलस गई थी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामला कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के पीछे के विवाद और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।