रायपुर। आगामी गणेश उत्सव को सुरक्षित, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं के अनुरूप संपन्न कराने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम मुख्यालय में महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में निगम, पुलिस, यातायात विभाग और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें गणेश उत्सव समितियों की अनुमति, अनिवार्य NOC, पंडाल, झांकी, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों का पालन कराना जरूरी है, लेकिन गणेश उत्सव समितियों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव आस्था और सामाजिक भावनाओं से जुड़ा पर्व है। इसलिए समितियों की व्यावहारिक परेशानियों को समझते हुए संवाद और समन्वय के जरिए समाधान निकाला जाए।
समितियों को समय पर दी जाए NOC की जानकारी
महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों की गणेश उत्सव समितियों से सम्मानपूर्वक संवाद करें। यदि किसी आयोजन के लिए NOC या अन्य अनुमति आवश्यक है तो समितियों को इसकी जानकारी समय रहते दी जाए और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा गणेश उत्सव समितियों से जुड़े हैं, जो पढ़ाई और रोजगार के साथ समय निकालकर आयोजन की तैयारी करते हैं। ऐसे में अंतिम समय पर अनुमति या व्यवस्था से जुड़ी परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए।
पंडालों में यातायात और सुरक्षा का रखें ध्यान
बैठक में पंडाल एवं झांकी लगाते समय यातायात, पार्किंग, पैदल आवागमन, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के लिए पर्याप्त जगह रखने पर जोर दिया गया। महापौर ने कहा कि धार्मिक आयोजन के कारण किसी राहगीर, पड़ोसी या आम नागरिक को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पुराने शहर सहित जोन-4 और जोन-5 के संकरे इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में पहले से चली आ रही व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और यातायात को सुचारु रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पुलिस और जनप्रतिनिधि करेंगे समन्वय
बैठक में सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि निगम, पुलिस, पार्षदों और संबंधित जनप्रतिनिधियों को समितियों के साथ समन्वय बनाकर काम करना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ आम नागरिकों का आवागमन भी सुचारु रहे।
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने कहा कि यातायात संबंधी समस्याओं वाले स्थानों पर पुलिस प्रशासन नियमानुसार आवश्यक पहल करेगा। उन्होंने पार्षदों और समितियों से भी प्रशासन का सहयोग करने तथा अनिवार्य NOC प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित कराने में सहभागिता की अपील की।
संवाद से निकलेगा रास्ता
जोन अध्यक्षों ने भी कहा कि नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन उन्हें लागू करते समय संवेदनशील और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए। यदि किसी पंडाल या आयोजन में बदलाव की आवश्यकता हो तो पहले समिति से बातचीत कर समाधान तलाशा जाए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी की आस्था को रोकना नहीं, बल्कि गणेश उत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों से भी शहर की सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।