मोहला। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम डुमरटोला में एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। बताया जा रहा है कि वह अपने बेटे के लिए तालाब से कमल का फूल लाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान पैर कमल की जड़ों और गाद में फंस गया और वह बाहर नहीं निकल सके।
जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर श्रीवास गुरुवार सुबह तालाब में कमल का फूल तोड़ने गए थे। तालाब में उतरने के बाद उनका पैर गाद में फंस गया। काफी प्रयास के बावजूद वे पानी से बाहर नहीं निकल पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेटे की एक छोटी-सी इच्छा पूरी करने की कोशिश में पिता की जान चली जाने की घटना ने ग्रामीणों को भी झकझोर दिया।
फिलहाल घटना के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया और जांच की जा रही है। तालाब में गाद और जलीय पौधों के कारण पैर फंसने से हादसा होने की बात सामने आई है।