BREAKING

Urban Waste Management News: IFAT India 2026 में रायपुर नगर निगम के स्वच्छता नवाचारों की राष्ट्रीय मंच पर सराहना

Share:

रायपुर। मुंबई में 9 से 11 सितंबर 2026 तक आयोजित IFAT India 2026 में रायपुर नगर पालिक निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी स्वच्छता और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। निगम की ओर से अपर आयुक्त विनोद कुमार पांडेय और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यपालन अभियंता योगेश कडु ने तकनीकी सत्रों, प्रदर्शनी और विभिन्न विचार-विमर्श कार्यक्रमों में भाग लिया।

IFAT India को पर्यावरणीय तकनीक, स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंचों में शामिल माना जाता है। कार्यक्रम के दौरान रायपुर नगर निगम के अधिकारियों ने कई आधुनिक तकनीकों और नए समाधानों का अध्ययन किया, जिन्हें शहर की जरूरत और व्यवहार्यता के आधार पर भविष्य में लागू करने की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया गया।

कचरा प्रबंधन से लेकर जल निगरानी तक नई तकनीकों का अध्ययन

अधिकारियों ने नदियों और जल निकायों में तैरते कचरे को रोकने के लिए फ्लोटिंग ट्रैश बैरियर, जल स्रोतों की रियल टाइम निगरानी के लिए सेंसर आधारित मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम और अवसंरचना परियोजनाओं की प्रगति पर नजर रखने के लिए ICT आधारित डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का अध्ययन किया।

इसके अलावा जलापूर्ति और सीवरेज नेटवर्क के विस्तार में उपयोगी ट्रेंचलेस पाइप लेइंग तकनीक की जानकारी भी ली गई। इन तकनीकों को भविष्य में अपनाने से स्वच्छता व्यवस्था, जल प्रबंधन, परियोजना निगरानी और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

‘क्लीन सिटीज से सर्कुलर सिटीज’ पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में “क्लीन सिटीज से सर्कुलर सिटीज तक : भारत में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का भविष्य” विषय पर आयोजित उच्च स्तरीय गोलमेज चर्चा में विनोद कुमार पांडेय ने पैनलिस्ट के रूप में भाग लिया। उन्होंने रायपुर में लागू की जा रही स्वच्छता पहलों और नवाचारों की जानकारी साझा की।

चर्चा के दौरान स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, RRR सेंटर, जनभागीदारी आधारित स्वच्छता अभियान, संसाधन पुनर्प्राप्ति और पुनर्चक्रण जैसे मॉडलों पर जानकारी दी गई। सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने वाली रायपुर की पहलों को विशेषज्ञों, नगरीय निकायों और उद्योग क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने सराहा।

आधुनिक और टिकाऊ शहरी सेवाओं की दिशा में बढ़ेगा रायपुर

IFAT India 2026 में भागीदारी से रायपुर नगर निगम को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन, जल प्रबंधन और डिजिटल अवसंरचना निगरानी से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिला। इन तकनीकी समाधानों का अध्ययन भविष्य में शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक और टिकाऊ शहरी सेवाओं को विकसित करने में उपयोगी साबित हो सकता है।

Share: