BREAKING

Religious News : बुढ़ापारा स्थित श्री हनुमान मंदिर में 30 दिवसीय 'अखंड रामचरितमानस पाठ' का भव्य आयोजन

Share:

रायपुर, 8 अगस्त। राजधानी रायपुर के बुढ़ापारा स्थित सप्रे शाला परिसर के श्री हनुमान मंदिर में 30 दिवसीय भव्य 'अखंड रामचरितमानस पाठ' का आयोजन श्रद्धा व भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। पंडित दिलीप शर्मा के गरिमामय मार्गदर्शन में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान विगत 25 वर्षों से अनवरत चला आ रहा है। प्रत्येक वर्ष श्रावण मास के पवित्र महीने में समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा इस परंपरा का निर्वहन पूरी निष्ठा और नियम-संयम के साथ किया जाता है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज इनचुरकर ने बताया कि इस 30 दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर हुई थी। इसका पूर्णाहुति समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पर्व पर होगा। समापन दिवस पर 24 घंटे का विशेष एवं भव्य 'रामचरितमानस' पाठ आयोजित किया जाएगा, जिसमें चौपाइयों, दोहों, छंदों एवं सोरठों का पाठ किया जाएगा। इसके साथ ही 'ॐ राम रामाय नमः' महामंत्र का 24 घंटे तक अनवरत जाप और अखंड संकीर्तन होगा।

रक्षाबंधन के दिन 24 घंटे के अनवरत जाप के पश्चात वैदिक रीति-रिवाज से भव्य यज्ञ-आहुति एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण होगा। समिति के सदस्य अनिल पवार सहित अन्य पदाधिकारियों ने शहर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर श्रीराम कथा के रसपान, दर्शन और महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Share: