कोरबा। जिले के दीपका का गौरव पथ इन दिनों बदहाल सड़क, बढ़ते अतिक्रमण और भारी वाहनों के दबाव के चलते लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क पर लगातार लग रहे जाम और दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने समस्या को लेकर आवाज उठाई है।
तनवीर अहमद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, दीपका को ज्ञापन सौंपकर गौरव पथ की स्थिति सुधारने की मांग की है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि गौरव पथ पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है। इससे जाम की स्थिति बनने के साथ राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने अथवा उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
सड़क मरम्मत और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
कांग्रेस नेता ने प्रशासन से गौरव पथ की जल्द मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है तथा आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क की बेहतर व्यवस्था और सुरक्षित यातायात के लिए प्रभावी कार्रवाई की उम्मीद जताई है।