BREAKING

Education News: कंवर समाज के शपथ ग्रहण समारोह में CM साय ने शिक्षा को बताया विकास का आधार, सामुदायिक भवनों के लिए 1.55 करोड़ की घोषणा

Share:

रायपुर, 22 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूल मंत्र है। किसी भी समाज की प्रगति उसकी भावी पीढ़ी को मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अवसरों पर निर्भर करती है। उन्होंने समाज के हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा और दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कंवर समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और समाज के पुरोधाओं ने शिक्षा, संस्कार, सेवा तथा सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया है। उन्होंने पदाधिकारियों से समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन एकता और संगठन की मजबूती का प्रमाण है।

शिक्षा से खुलते हैं आगे बढ़ने के रास्ते

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं है। अच्छी शिक्षा व्यक्ति को उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी सक्षम बनाती है। राज्य सरकार बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने की अपील की।

जनजातीय विकास और बस्तर में बदलाव पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6,661 गांवों को शामिल किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों तक सड़क, आवास, बिजली, राशन कार्ड और नल-जल जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

बस्तर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहे क्षेत्रों में विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

समाज के भवनों के लिए 1.55 करोड़ से अधिक की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण, विकास और जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की राशि देने की घोषणा की। इसमें रायपुर के लाभांडी में निर्माणाधीन कंवर भवन के लिए 70 लाख रुपये, राजनांदगांव के छुरिया क्षेत्र में समाज भवन के लिए 25 लाख रुपये, तमोरा में सामुदायिक शेड के लिए 10 लाख रुपये, ग्राम खैरझिटी में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये, महासमुंद के नरतोरा में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये, झलप में भवन निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा गरियाबंद के जोजरा में कंवर समाज भवन के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभांडी स्थित कंवर समाज के निर्माणाधीन सामुदायिक भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाया। समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय ने की। कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Share: