BREAKING

मुख्यमंत्री साय का प्रभावी नेतृत्व: स्वास्थ्य क्षेत्र में नई क्रांति, मजबूत हो रही अधोसंरचना

Share:

रायपुर, 11 अगस्त। विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहे छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का कायाकल्प करने के लिए राज्य सरकार बड़े पैमाने पर कदम उठा रही है। इस बड़े परिवर्तन के केंद्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट मानना है कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ का आधार है।” इसी मूल मंत्र को साकार करने के लिए प्रदेशभर में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती दी जा रही है, जिससे ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं सुलभ हो सकें।

हाल ही में रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 103 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक सौगात के तहत प्रदेश में आधुनिक सर्जिकल विंग, क्षेत्रीय कैंसर संस्थान का विस्तार, मेडिकल छात्र-छात्राओं के लिए अत्याधुनिक छात्रावास तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय परिसरों का निर्माण कराया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्य के सबसे बड़े सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा।

राज्य सरकार का यह व्यापक प्रयास न केवल प्रदेश के चिकित्सा ढांचे को नए आयाम दे रहा है, बल्कि दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित हो रहा है। सुपर-स्पेशलिटी सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर के चलते अब प्रदेशवासियों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। साय सरकार के इस विजन से छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नए और सशक्त मॉडल के रूप में उभर रहा है।

Share: