कवर्धा, 13 अगस्त 2026 : कवर्धा जिले के महिला थाना क्षेत्र से अपराध और हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समनापुर निवासी पप्पू सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पप्पू सिंह ठाकुर ने उसके साथ जबर्दस्ती करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की, मां-बहन की भद्दी गालियां दीं और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर परिजनों के साथ थाने में आपबीती सुनाई, जिस पर पुलिस ने बिना देरी किए मामला दर्ज किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कवर्धा महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी पप्पू सिंह ठाकुर को उसके ठिकाने से हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। कवर्धा पुलिस ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।