रायपुर न्यूज़: राजधानी रायपुर के विभिन्न वार्डों में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव (Waterlogging) और पेयजल की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे के नेतृत्व में एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों, पार्षदों और एल्डरमैन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान महापौर मीनल चौबे ने शहर के विभिन्न वार्डों में जलभराव और नाली निर्माण से जुड़े आवश्यक कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तत्काल सहमति जताते हुए लगभग 10 करोड़ रुपये के विकास और नाली निर्माण कार्यों का प्रस्ताव अविलंब तैयार कर नगरीय प्रशासन विभाग को भेजने के निर्देश दिए।
इन प्रमुख वार्डों में होंगे विकास कार्य:
स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड (क्र. 44): अंबा मंदिर एवं गद्दा लाइन के पास नाली निर्माण।
भक्त माता कर्मा वार्ड (क्र. 67): कराके बार से कुशालपुर चौक तक नाली निर्माण।
शहीद पंकज विक्रम वार्ड (क्र. 58): देवी लक्ष्मी हॉस्पिटल के पास नाली निर्माण।
पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड (क्र. 9): श्मशान घाट में शेड का निर्माण।
रानी दुर्गावती वार्ड (क्र. 49): श्रीराम मंदिर के पास नाला निर्माण एवं अन्य विकास कार्य।
बैठक में उपस्थित भाजपाइयों ने रायपुर शहर के लिए अतिरिक्त फिल्टर प्लांट और नई पानी टंकी की स्वीकृति दिए जाने पर भी उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। इसके अलावा, पार्षदों ने सफाई व्यवस्था के केंद्रीयकरण की समीक्षा करने और नगर निगम जोनों के अधिकारों में हो रही कटौती जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने सुझाव रखे, जिस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।