BREAKING

Raipur News: 23 अगस्त को 10 हजार कांवड़ियों के साथ निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा, ‘हर-हर महादेव’ से गूंजेगी राजधानी

Share:

रायपुर। राजधानी रायपुर 23 अगस्त को आस्था, शिवभक्ति और भारतीय संस्कृति के विराट संगम की साक्षी बनेगी। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा सुबह 9 बजे गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम से शुरू होकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां शिवभक्त जलाभिषेक करेंगे। आयोजन में करीब 10 हजार कांवड़ियों के शामिल होने की तैयारी है।

सुबह 8 बजे से शुरू होगा पूजन

कांवड़ यात्रा के दिन सुबह 8 बजे मारुति मंगलम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू होगी। इसके बाद सुबह 9 बजे हजारों शिवभक्त कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ बाबा हटकेश्वरनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगे। श्रद्धालु एक समान परिधान में अनुशासित तरीके से यात्रा में शामिल होंगे और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

500 वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए करीब 500 वालंटियर यात्रा की अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा संचालन, अनुशासन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। आयोजकों के अनुसार यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

देशभर की संस्कृति और धार्मिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण

इस बार कांवड़ यात्रा में देश के अलग-अलग राज्यों के धार्मिक और सांस्कृतिक दल विशेष प्रस्तुतियां देंगे। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, केरल, उज्जैन, महाराष्ट्र, खड़गपुर और ओडिशा से आने वाले दल अपनी कला और प्रस्तुतियों के माध्यम से यात्रा को आकर्षक बनाएंगे। इनमें महाकाल-अघोरी टीम, महाकाली टीम, विशाल नंदी, भारत नाट्यम, पारंपरिक बैंड, डमरू महाकाल सवारी और नागपुर ढोल प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

छत्तीसगढ़ के कलाकार भी अपनी लोक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां देंगे। अंबिकापुर और कोरबा की अघोरी टीम, बेंद्री के लोक कलाकार, दुर्ग-भिलाई के धुमाल दल, रायपुर की राधा रानी धुमाल और महाकाल-अघोरी टीम सहित कई दल यात्रा में शामिल होंगे।

धार्मिक झांकियां भी रहेंगी खास

कांवड़ यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता दरबार, हनुमान वानर सेना, बाहुबली हनुमान, परशुराम, जामवंत, गणेश, सुग्रीव और महाकाल सहित विभिन्न धार्मिक स्वरूपों की जीवंत झांकियां दिखाई जाएंगी। इसके अलावा 11 घोड़े, दो बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आठ वर्षों से आयोजित हो रही कांवड़ यात्रा

राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठ वर्षों से इस विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रीगण और विधायकगण के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में भाजपा रायपुर शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। आयोजकों का कहना है कि 23 अगस्त को हजारों शिवभक्तों के साथ निकलने वाली यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का भी बड़ा उत्सव बनेगी।

Share: